बंद

    27.07.2023 : चीफ मिनिस्टर फेलोज के साथ वार्तालाप

    प्रकाशित तारीख: July 27, 2023

    चीफ मिनिस्टर फेलोज के साथ वार्तालाप, राजभवन, मुंबई

    डॉ प्रिया खान, माननीय मुख्यमंत्री के OSD तथा कोऑर्डिनेटर, सीएम फेलोज प्रोजेक्ट,

    सभी सीएम फेलोज,

    सबसे पहले मैं सभी चीफ मिनिस्टर फेलोज का राजभवन में हार्दिक स्वागत करता हूं।

    IIT और IIM जैसे जाने माने संस्थान से डिग्री हासिल करने के बाद आप राज्य के विभिन्न जिलों में काम कर रहे है, यह जानकर अत्याधिक प्रसन्नता हुई।

    आज विभिन्न विषयों पर आपके विचार और चिंतन सुनकर मुझे अत्यंत हर्ष हुआ। आप सभी नए भारत के निर्माता है।

    मुझे बताया गया कि महाराष्ट्र शासन ने वर्ष 2015 में मुख्यमंत्री फेलोशिप प्रोग्राम की शुरुआत की थी।

    किसी कारणवश 2020 में इस योजना को बंद कर दिया था।

    मुझे खुशी है कि अब इसे फिर से शुरू कर दिया गया है।

    इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के लिए चयनित होना अपने आप में एक उपलब्धि है। मैं आप सभी को मुख्यमंत्री की टीम का हिस्सा बनने के लिए बधाई देता हूं।

    मुझे यह जानकर खुशी हुई कि 56 में से 19 छात्राएं भी फेलोशिप कार्यक्रम का हिस्सा हैं।

    मुझे उम्मीद है कि अगले साल तक सीएम फेलोज में महिलाओं की संख्या और भी बढेगी।

    प्रिय फेलोज,

    विश्व में बदलाव के साथ, भारत और हमारा महाराष्ट्र राज्य भी बदल रहा है।

    महाराष्ट्र भारत के कई राज्यों में से एक है, लेकिन इसकी जनसंख्या जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की संयुक्त जनसंख्या के बराबर है !! जाहीर है कि हमारे चैलेन्जेस भी उतने बडे हैं।

    महाराष्ट्र, सर्वाधिक शहरीकृत राज्यों में से एक है।

    महाराष्ट्र एक औद्योगिक राज्य है जिसमें सेवा क्षेत्र का महत्वपूर्ण योगदान है। मुंबई केवल महाराष्ट्र की ही राजधानी नहीं है, बल्कि पूरे देश की आर्थिक राजधानी भी है।

    औद्योगिक राज्य के रूप में महाराष्ट्र की अग्रणी स्थिति को बनाए रखने के लिए, हमें शहरों और कस्बों में सर्वोत्तम बुनियादी ढांचागत सुविधाएं बनाने और राज्य के सभी गांवों को शहरी केंद्रों से जोड़ने की जरूरत है।

    हमें शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ, सड़क, गृहनिर्माण, परिवहन, मेट्रो – मोनो रेल्वे, कोस्टल रोड, हवाई अड़डो का निर्माण, बिजली, जल आपूर्ति और स्वच्छता के क्षेत्रों में प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को लागू करने के लिए आप जैसे युवा और गतिशील लोगों की आवश्यकता है।

    दोस्तों,

    कोविड 19 महामारी के बाद कई देशों की अर्थव्यवस्थाएं डगमगा रही हैं। हालाँकि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सशक्त नेतृत्व में भारतीय अर्थव्यवस्था लगातार आगे बढ़ रही है। इससे दुनिया की नजरों में भारत के प्रति धारणा बदल गई है। दुनिया भारत के विचारों और राय को पहले से कहीं अधिक गंभीरता से लेती है। हमें इस आत्मविश्वास को कायम रखना है।

    महाराष्ट्र के अधिकांश लोग अपनी आजीविका के लिए कृषि पर निर्भर हैं। हमारा विकास तब तक पूरा नहीं होगा जब तक कि इससे हमारी ग्रामीण और कृषक आबादी को लाभ न मिले।

    यह जरूरी है कि हम कृषि को टिकाऊ बनाने के साथ-साथ अपने किसानों के लिए लाभदायक भी बनाएं।

    विभिन्न विभागों के साथ काम करते समय आपको एक बड़ी समस्या का एहसास होगा कि विभिन्न विभागों और योजनाओं के लिए बजट प्रावधान पूरा खर्च नही हो पाता।

    प्रशासनिक मंजूरी की कमी जैसे मुद्दे हैं, जिससे खर्च करने में देरी होती है। हमें विकासात्मक परियोजनाओं के लिए नियोजित धन का 100 प्रतिशत खर्च करने के लिए सुझावों और विचारों की आवश्यकता है।

    आप में से कई लोग, शायद आप सभी, अपनी सीएम फ़ेलोशिप पूरी होने पर निजी क्षेत्र में काम कर रहे होंगे।

    मैं चाहता हूं कि आप जहां भी सेवा करें, हमारे लोगों, विशेषकर ग्रामीण गरीबों, आदिवासियों और किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें।

    संसद सदस्य के रूप में मैंने विभिन्न संसदीय समितियों में कार्य किया है। मैं सामाजिक न्याय व अधिकारिता संबंधित समिति का नेतृत्व कर रहा था जिसने दिव्यांग व्यक्ति विधेयक व तथा ट्रांसजेंडर विधेयक का मसौदा तैयार किया था। हमने अनेक प्रकार की विकलांगता श्रेणी को कानून में समाहित किया है।

    मैं चाहता हूं कि आप शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से दिव्यांग लोगों के प्रति संवेदनशील रहे और समाज के हर वर्ग में रहने वाले समुदायों के प्रति भी सहानुभूति रखें।

    आज के डिजिटल विश्व में डेटा सुरक्षा का विषय बहुत महत्वपूर्ण बन चुका है, क्योंकि यह किसी संगठन की जानकारी को धोखाधड़ी गतिविधियों, हैकिंग, फ़िशिंग और पहचान की चोरी से बचाता है।

    संगठनों को सक्रिय रूप से अपने डेटा की सुरक्षा करने और अपने सुरक्षात्मक उपायों को नियमित रूप से अपडेट करने की आवश्यकता है। इस विषय में आप सभी को सचेत और सजग रहना होगा।

    आर्टिफिशियल इंटेलिजन्स के कई प्लेटफार्म्स, जैसे चैट जीपीटी, बार्ड, लामा आदी हमारी कार्यशैली को बदलने के लिये तैयार है। हमें इन्हे अपनाना होगा।

    आप किसी भी क्षेत्र में काम कर सकते हैं, लेकिन आपको उस समाज और राष्ट्र की सेवा करनी चाहिए जिसमें आप रहते हैं।

    मैं आपके जीवन और भविष्य के प्रयासों में सफलता की कामना करता हूं।

    जय हिंद। जय महाराष्ट्र।।