बंद

    20.08.2023 : महाराष्ट्र शासन के उद्योग विभाग द्वारा आयोजित ‘उद्योग रत्न’, ‘उद्योग मित्र’, ‘उद्योगिनी’ और ‘उत्कृष्ट मराठी उद्योजक’ पुरस्कार वितरण समारोह, जिओ वर्ल्ड कन्व्हेन्शन सेंटर, बीकेसी मुंबई

    प्रकाशित तारीख: August 20, 2023

    महाराष्ट्र शासन के उद्योग विभाग द्वारा आयोजित ‘उद्योग रत्न’, ‘उद्योग मित्र’, ‘उद्योगिनी’ आणि ‘उत्कृष्ट मराठी उद्योजक’ पुरस्कार वितरण समारोह, जिओ वर्ल्ड कन्व्हेन्शन सेंटर, बीकेसी मुंबई, 20 ऑगस्ट 2023 रोजी

    माननीय मुख्यमंत्री श्री एकनाथ शिंदे,

    उप मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस

    उप मुख्यमंत्री श्री अजीत पवार,

    श्री उदय सामंत, उद्योग मंत्री

    सम्मानित मंत्री, राज्य मंत्री,

    श्री मनोज सौनिक, मुख्य सचिव

    श्री हर्षदीप कांबळे, प्रधान सचिव, उद्योग विभाग

    आज के सत्कार मूर्ती, सभी ‘उद्योग पुरस्कार’ विजेता

    सम्मानित गणमान्य अतिथि,

    अधिकारी गण

    भाईयों और बहनों,

    सबसे पहले मैं महाराष्ट्र शासन और राज्य के उद्योग विभाग को चार महत्वपूर्ण ‘उद्योग पुरस्कार’ शुरू करने के लिए बधाई देता हूं।

    कल ही श्री रतन टाटा जी को उद्योग रत्न सम्मान दिया गया। इस पुरस्कार को शुरू करने के लिए भारतीय उद्योग जगत के पितामह श्री रतन टाटा से बेहतर कोई व्यक्ति हो नहीं सकता था।

    श्री रतन टाटा केवल एक व्यक्ति नहीं हैं, वे अपने आप में एक संस्था हैं। देश के महान उद्योग पितामह जे आर डी टाटा से कमान संभालने के बाद, श्री रतन टाटा ने समूह को चाय, नमक से लेकर स्टील ऑटोमोबाइल, आईटी, आतिथ्य और कई अन्य विविध क्षेत्रों के साथ एक वैश्विक समूह में बदल दिया। विश्वविद्यालयों का कुलाधिपति होने के नाते, मैं कहूंगा कि रतन टाटा जी उद्योग, नवाचार, स्टार्ट अप और फिलांथ्रोपी का स्वयं एक विश्वविद्यालय है।

    महाराष्ट्र राज्य का पहला ‘उद्योग रत्न’ पुरस्कार स्वीकार करके उन्होंने महाराष्ट्र सरकार और हममें से प्रत्येक को सम्मानित किया है, और पुरस्कार की गरिमा बढ़ाई है।

    भाईयों और बहनों,

    राजभवन में मुझसे मिलने आने वाले विभिन्न देशों के गवर्नर, मंत्री / राजदूत, अक्सर भारत द्वारा विकसित ‘कोविशील्ड’ वैक्सीन का जिक्र जरूर करते हैं।

    कोविड-19 महामारी के बाद उन्हें ‘कोविशील्ड’ टीके उपलब्ध कराने और उनके देश के लोगों की जान बचाने के लिए वे भारत को हृदय से धन्यवाद देते हैं।

    अदर पूनावाला जी, आपके नेतृत्व में सीरम इंस्टीट्यूट ने यह वैक्सीन विकसित करके देश का नाम विश्व भर में रौशन किया है। पहले ‘उद्योग मित्र’ पुरस्कार के लिए चुने जाने पर मै आपको हार्दिक बधाई देता हूं। यह पुरस्कार आपके पिता श्री. सायरस पूनावाला का भी सम्मान है जिन्होंने 1960 के दशक में सीरम इंस्टीट्यूट की नींव रखी थी।

    सुश्री गौरी किर्लोस्कर को दिया गया ‘उद्योगिनी’ यह महिला उद्योजक पुरस्कार सभी महिला उद्यमियों को प्रेरणा देनेवाला है |किर्लोस्कर, उद्योग जगत में जाना माना नाम है | यह सम्मान श्री लक्ष्मणराव किर्लोस्कर द्वारा स्थापित और शंतनुराव किर्लोस्कर जैसे महान उद्यमियों द्वारा संचालित 135 साल पुराने किर्लोस्कर समूह को भी जाता है। मैं किर्लोस्कर समूह की निदेशक श्रीमती गौरी किर्लोस्कर को 21 वीं सदी में समूह का नेतृत्व करने के लिए बधाई देता हूं।

    उद्योग पुरस्कारों के लिए पुरस्कार विजेताओं का चयन करते समय, सरकार ने हमारी अर्थव्यवस्था के सभी तीनों क्षेत्रों, अर्थात् विनिर्माण क्षेत्र, सेवा क्षेत्र और कृषि क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले पुरस्कार विजेताओं का चयन करके अच्छा काम किया है।

    सह्याद्री फार्मर्स प्रोड्यूसर्स कंपनी के प्रबंध निदेशक श्री विलास शिंदे को दिया गया मराठी उद्योजक पुरस्कार महाराष्ट्र के प्रगतिशील किसानों के लिए एक पुरस्कार है। श्री विलास शिंदे एक दूरदृष्टि वाले किसान हैं, जिन्होंने किसानों के जीवन को समृद्ध बनाने के लिए कृषि की क्षमता को महसूस किया।

    जैसे ही भारत आजादी के अमृत काल में कदम रख रहा है, महाराष्ट्र के लिए अगले 25 वर्षों के लिए एक महत्वाकांक्षी ब्लू प्रिंट तैयार करना उचित होगा।

    मैं मुख्यमंत्री से औद्योगिक विकास का ब्लू प्रिंट तैयार करने के लिए व्यापारिक नेताओं, उद्योगपतियों और विभिन्न वाणिज्य मंडलों के प्रमुखों की एक उच्च शक्ति समिति गठित करने की अपील करूंगा।

    हमें महिला उद्यमियों के लिए समर्पित औद्योगिक पार्क बनाने के बारे में भी सोचना चाहिए।

    दुनिया में सबसे अधिक आबादी वाले युवा राष्ट्र के रूप में भारत के पास आज अभूतपूर्व लाभदायक अवसर आया है। दुनिया के कई विकसित देश उम्रदराज हो रहे हैं। वे अपने कार्यबल की आपूर्ति को पूरा करने के लिए, भारत की ओर देख रहे हैं।

    इन अवसरों से लाभ उठाने के लिए महाराष्ट्र को कौशल विकास और उद्यमशीलता को सर्वोच्च महत्व देना चाहिए। कौशल विकास में उद्योग जगत की साझेदारी आवश्यक है।

    हमें एक ऐसा वातावरण बनाना चाहिए, जो घरेलू और विदेशी निवेश का स्वागत करेगा और आर्थिक वृद्धि और विकास को आगे बढ़ाएगा।

    इन शब्दों के साथ, मैं महाराष्ट्र के सभी उद्योग पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को हार्दिक बधाई देता हूं और मुझे उम्मीद है कि ये पुरस्कार महाराष्ट्र के युवाओं के लिए प्रेरणा साबित होंगे। उद्योग विभाग के सभी अधिकारियों का पुरस्कार आयोजन के लिये अभिनंदन करता हूं।

    धन्यवाद।
    जय हिन्द । जय महाराष्ट्र ।।