बंद

    06.08.2023 : भारत के माननीय प्रधान मंत्री के हाथों महाराष्ट्र में ट्रेन स्टेशनों के पुनर्विकास की आधारशिला समारोह

    प्रकाशित तारीख: August 6, 2023

    भारत के माननीय प्रधान मंत्री के हाथों महाराष्ट्र में ट्रेन स्टेशनों के पुनर्विकास की आधारशिला समारोह, स्थल : विक्रोली, मुंबई (माननीय प्रधान मंत्री दूरस्थ माध्यम से उपस्थित थे), 6 अगस्त 2023

    श्री मंगल प्रभात लोढा, मंत्री, कौशल विकास और उद्यामिता

    श्री उदय सामंत, मंत्री, उद्योग विभाग,

    श्री कालिदास कोळंबकर, विधायक,

    पद्मश्री रमेश पतंगे,

    श्री. नरेश लालवाणी, महाप्रबंधक, मध्य रेल

    श्री रजनीश कुमार गोयल, मंडल रेल प्रबंधक मुंबई

    रेलवे के अधिकारी

    बहनों और भाइयों,

    आज का दिन यह न केवल भारतीय रेलवे के लिए, बल्कि समूचे महाराष्ट्र राज्य और राज्य के लोगों के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण दिन है।

    मुझे यह जानकर खुशी हुई कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत माननीय प्रधान मंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में, भारत में 1309 रेल स्टेशनों को विकसित करने का प्लान है।

    महाराष्ट्र में, 126 स्टेशनों को विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित कने की प्लानिंग की गयी है। यही नहीं, आज 44 स्टेशनों के पुनर्विकास के लिए आधारशिला रखने का कार्यक्रम है।

    महाराष्ट्र में ट्रेन सेवाओं और बुनियादी ढांचे के अपग्रेडेशन के लिए मै, माननीय प्रधान मंत्री जी और माननीय रेल, संचार और इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी को हृदय से धन्यवाद देना चाहता हूं।

    महाराष्ट्र में रेलवे बुनियादी ढांचे के उन्नयन की इतनी व्यापक परियोजना बनाने के लिए रेलवे प्रशासन को विशेष रूप से बधाई देता हूं।

    अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी ने एक बार प्रसिद्ध रूप से कहा था, “अमेरिकी सड़कें इसलिए अच्छी नहीं हैं क्योंकि अमेरिका अमीर है, बल्कि अमेरिका इसलिए अमीर है क्योंकि अमेरिकी सड़कें अच्छी हैं।”

    भारतीय रेलवे के बारे में भी कुछ ऐसा ही कहा जा सकता है।

    वर्ष 1853 में भारतीय रेलवे की शुरुआत के बाद से, देश मे औद्योगिक विकास तेजी से हुआ। माल के परिवहन और लोगों की आवाजाही में इतनी सुविधा हुई जितनी पहले कभी नहीं हुई थी।

    आज भारतीय रेलवे में आमूल चूल परिवर्तन हुआ है। रेलवे यात्रा अत्यंत सुखद और आरामदायक हुई है।

    अपनी बात करूं तो, मैं अक्सर विमान के बजाय ट्रेन को प्राथमिकता देता हूं। दरअसल कल ही मैं वंदे भारत एक्सप्रेस से रायपुर से नागपुर आया। वह सचमुच एक सुखद अनुभव था। रेलवे को लोगों का विश्वास प्राप्त है। रेलवे लोगों को जोड़ती है। रेलवे अमीरों और गरीबों के लिए समान अवसर पैदा करता है। भारतीय रेल्वे हमारे देश की लाईफ लाईन है | रेलवे वास्तव में भारत की एकता और विविधता का प्रतिनिधित्व करती है।

    रेलवे स्टेशन का उन्नयन लंबे समय से लंबित था। एक ही बार में इतने सारे रेलवे स्टेशनों के उन्नयन से हमारे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक समृद्धि आएगी और हमारा विकास और प्रगति समावेशी हो जाएगी।

    मुझे खुशी है कि मुंबई में भी इंफ्रास्ट्रक्चर को भी अपग्रेड किया जा रहा है। जब मुंबई में रेलवे की शुरुआत हुई तो शहर की जनसंख्या मात्र 10 लाख थी।

    आज मुंबई शहरी समूह की जनसंख्या 2 करोड़ को छू रही है। कई देशों में इतनी जनसंख्या नहीं है।

    मुझे विश्वास है कि ट्रांस हार्बर लिंक, मुंबई मेट्रो परियोजना, कोस्टल रोड परियोजना और अन्य परियोजनाएं मुंबई को एक विश्व स्तरीय महानगर में बदल देंगी। आम मुंबईकर के लिये बडी ख़ुशी की बात है की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मुंबई विभाग के 15 स्थानकों का पुनर्विकास किया जाने वाला है |

    संस्थानों और संगठनों की प्रतिष्ठा और छवि उन्हें प्रबंधित करने वाले लोगों द्वारा बनाई जाती है। इस अवसर पर, मैं रेलवे के अधिकारियों से रेलवे स्टेशनों को पर्यावरण के अनुकूल, दिव्यांगों के अनुकूल और आम यात्रीयों के अनुकूल बनाने का आह्वान करूंगा। मैं उनसे नैतिक और मानवी मूल्यों को कायम रखने की भी अपील करूंगा।

    आज महाराष्ट्र में 44 स्टेशनों के पुनर्विकास की आधारशिला रखने के अवसर पर फिर एक बार खुशी व्यक्त करता हूं।

    मैं माननीय प्रधान मंत्री, माननीय रेल मंत्री और रेलवे अधिकारियों को धन्यवाद देता हूं और राज्य और मुंबई के लोगों को अपनी बधाई देता हूं।

    धन्यवाद
    जय हिंद। जय महाराष्ट्र।।