बंद

    20.10.2023 : बंगाल क्लब शिवाजी पार्क मुंबई द्वारा दुर्गा पूजा का आयोजन। 20 अक्टूबर 2023

    प्रकाशित तारीख: October 20, 2023

    बंगाल क्लब शिवाजी पार्क मुंबई द्वारा दुर्गा पूजा का आयोजन। 20 अक्टूबर 2023

    श्री जॉय चक्रवर्ती माननीय सलाहकार, बंगाल क्लब

    श्री दिलीप दास, अध्यक्ष

    श्री मृणाल पुरकायस्थ, सचिव

    बहनों और भाइयों

    सबसे पहले मैं मां दुर्गा भगवती को वंदन करता हूं, प्रणाम करता हूं और राज्य के सभी लोगों की खुशी, अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि के लिए प्रार्थना करता हूं।

    कुछ महीने पहले, हमने भारत सरकार की ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल के हिस्से के रूप में राजभवन में ‘पश्चिम बंगाल स्थापना दिवस’ का आयोजन किया था।

    उस समय मुझे यह जानकर खुशी हुई कि मुंबई में बहुत सारे बंगाली भाषी लोग रहते हैं और इस शहर तथा देश की प्रगति और विकास में योगदान दे रहे हैं।

    मुझे यह जानकर आनंद हुआ कि बंगाल क्लब की शुरुआत वर्ष 1922 में हुई थी और दुर्गा पूजा वर्ष 1935 से होती आ रही है।

    प्रधान मंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के केबिनेट में मंत्री के रूप में, मैं कई बार पश्चिम बंगाल गया हूं और वहां की दुर्गा पूजा भी देखी है।

    आज यहा देखकर ऐसा लगा कि आप पश्चिम बंगाल को मुंबई ले आए हैं।

    आपका उत्साह पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा और नवरात्रि मनाने वाले लोगों से कम नहीं है।

    सामाजिक सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने के लिए ऐसे त्योहार हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं।

    हमें सभी धर्मों और सम्प्रदायो के लोगों को आमंत्रित करके ऐसे अवसरों को समावेशी बनाने का प्रयास करना चाहिए।

    मुंबई में खेलों के लिए उत्कृष्ट बुनियादी सुविधाएं है।

    बंगाल क्लब सचमुच भाग्यशाली है कि उसके पास खेल-कूद के लिए अपना स्थान और मैदान है।

    भारत ने 2036 ओलंपिक के लिए बोली लगाने के अपने इरादे की घोषणा की है।

    सभी क्लबों को खुद को फिर से रिज्युवेनेट करना होगा और अपने चुने हुए क्षेत्रों में उत्कृष्टता हासिल करने का प्रयास करना होगा।

    हम सबको मिलकर देश के लिए पदक विजेता तैयार करने का लक्ष्य रखना चाहिए।

    मुंबई तथा महाराष्ट्र का बंगाली समुदाय महाराष्ट्र राज्य का गौरव है।

    आपने राज्य को सर्वश्रेष्ठ डॉक्टर, सर्वश्रेष्ठ शिक्षक, सर्वश्रेष्ठ संगीतकार, गायक, सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और सर्वश्रेष्ठ विचारशील नेता दिए हैं। हमें आप पर गर्व है और हम चाहते हैं कि आप हमें निरंतर गौरवान्वित करते रहें।

    मैं आपको दुर्गा पूजा उत्सव, दशहरा और दिवाली की शुभकामनाएं देता हूं।

    नमस्कार