बंद

    03.10.2023 : ‘ऑल इंडिया असोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज’ द्वारा वर्ल्ड ट्रेड सेंटर, मुंबई में आयोजित चौथे वल्र्ड ट्रेंड एक्सपो 2023 का उद्घाटन

    प्रकाशित तारीख: October 3, 2023

    ‘ऑल इंडिया असोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज’ द्वारा वर्ल्ड ट्रेड सेंटर, मुंबई में आयोजित चौथे वल्र्ड ट्रेंड एक्सपो 2023 का उद्घाटन

    श्रीमती रिटा बहुगुणा जोशी, सांसद

    श्री हरजिंदर कांग, पश्चिम भारत के ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर तथा कमिश्नर, दक्षिण एशिया

    डॉ विजय कलंत्री, अध्यक्ष, ऑल इंडिया असोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज; और अध्यक्ष, वर्ल्ड ट्रेड सेंटर मुंबई

    कैप्टन सोमेश बत्रा, उपाध्यक्ष, वर्ल्ड ट्रेड सेंटर मुंबई

    श्रीमती रूपा नाईक, कार्यकारी निदेशक, वर्ल्ड ट्रेड सेंटर मुंबई

    विभिन देशों के कौंसल्स जनरल

    इंडस्ट्री लिडर्स

    व्यापार प्रतिनिधि

    देवियों और सज्जनो

    सभी को प्रणाम एवं शुभकामनाएँ

    ‘ऑल इंडिया असोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज’ (A I A I) द्वारा आयोजित ‘वर्ल्ड ट्रेड एक्सपो’ 2023 के चौथे संस्करण के उद्घाटन से जुड़कर मुझे खुशी हो रही है।

    मुझे ज्ञात किया गया है कि यह ‘वर्ल्ड ट्रेड एक्सपो’ ‘व्यापार, प्रौद्योगिकी और पर्यटन’ विषय पर केंद्रित है।

    मुझे सूचित किया गया है कि प्रदर्शनी के अलावा, अगले 2 दिनों में ज्ञान सत्र, विभिन्न देशों की प्रस्तुतियाँ, ‘बिसनेस टू बिसनेस मीट’, और ‘बिसनेस टू गव्हर्मेंट मीट’ आयोजित की गयी है।

    जानकर प्रसन्नता हुई कि, मुंबई के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की स्थापना वर्ष 1970 में भारत रत्न सर डॉ. एम. विश्वेश्वरैया के सपने को पूरा करने के लिए की गई थी।

    पिछले 53 वर्षों में, वर्ल्ड ट्रेड सेंटर मुंबई भारत में एक प्रमुख व्यापार संवर्धन संगठन के रूप में उभरा है और 91 विभिन्न देशों में फैले 318 विश्व व्यापार केंद्रों के नेटवर्क का हिस्सा है।

    मैं व्यापार और निवेश के मामले में मुंबई के नेतृत्व को बनाए रखने के प्रयासों के लिए, ‘वर्ल्ड ट्रेड सेंटर’ और ‘ऑल इंडिया एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज’ को, हार्दिक बधाई देता हूं।

    इस सुंदर ‘वर्ल्ड ट्रेड एक्सपो’ के आयोजन के लिए भी मै उन्हे बधाई देता हूं।

    देवियों और सज्जनों

    भारत की अध्यक्षता में हाल ही में आयोजित जी-20 शिखर सम्मेलन की शानदार सफलता ने दुनिया को दिखा दिया है कि, भारत वास्तव में विश्व मंच पर आ गया है।

    भारत की वैज्ञानिक सफलता को भी दुनिया मान चुकी, जब हमारे मिशन चंद्रयान 3 ने चंद्रमा पर सफलतापुर्वक सॉफ्ट लैंडिंग की।

    पिछले सप्ताह एक दक्षिण अमेरिकी देश के राजदूत मुझे मिलने आये थे। उन्होने मुझसे कहा कि उनके देश ने भारत की क्षमता को पहचानने में काफी देर कर दी। उन्होंने कहा कि भारत को उसी स्थान पर देखा जाता है, जहां दुनिया कुछ साल पहले चीन को देखती थी।

    सचमुच, भारत वैश्विक मंच पर आर्थिक विकास और नवाचार का एक प्रतीक बनकर उभरा है।

    हमारी अर्थव्यवस्था में सकारात्मक रुझान हमारे राष्ट्र की ताकत और दृढ़ संकल्प के बारे में बहुत कुछ बताते हैं। आज विभिन्न देश भारत में निवेश करना चाहते है। उन्हे भारत का मार्केट आकृष्ट कर रहा है।

    आज भारत की सबसे बड़ी शक्तियों में से एक इसका जनसांख्यिकीय लाभ है। विश्व के सबसे युवा राष्ट्र के रूप में, हमारे पास एक गतिशील और ऊर्जावान कार्यबल है जो वैश्विक अर्थव्यवस्था में योगदान देने के लिए उत्सुक है।

    यह जनसंख्या का लाभांश नवाचार, रचनात्मकता और उत्पादकता का एक स्रोत है जो आने वाले वर्षों में हमारे देश की प्रगति को आगे बढ़ाएगा।

    हमारी शीर्ष श्रेणी की शिक्षा प्रणाली की बदौलत भारतीय डॉक्टर, IIT इंजीनियर और सूचना तंत्रज्ञान विशेषज्ञ दुनिया भर में अपना दबदबा बना रहे हैं।

    अगले कुछ वर्षों में आपको दुनिया के कई उन्नत देशों में भारतीय कुशल कामगार मिलेंगे, खासकर उन देशों में जो उम्रदराज हो रहे हैं। इनमें जापान, जर्मनी, इटली, स्पेन, अमेरिका, यूएसएसआर आदि देश शामिल हैं।

    आज की परस्पर जुड़ी दुनिया में, प्रौद्योगिकी – व्यापार और वाणिज्य की आधारशिला बन गई है।

    इसने व्यवसायों के संचालन के तरीके में क्रांति ला दी है, भौगोलिक सीमाओं को पार किया है और दुनिया भर में निर्बाध लेनदेन को सक्षम किया है।

    कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ब्लॉकचेन और ‘एडव्हान्स्ड एनालिटिक्स’ का एकीकरण उद्योगों को बदल रहा है और हमें अनंत संभावनाओं के युग में ले जा रहा है।

    पर्यटन, वैश्विक अर्थव्यवस्था का एक अन्य महत्वपूर्ण घटक बन रहा है।

    आपको जानकर आश्चर्य होगा, जनवरी 2022 से नवंबर 2022 के बीच 1.8 करोड़ से अधिक भारतीयों ने विदेश यात्रा की। जबकि पूरे 2021 में यह संख्या 77.2 लाख थी।

    इसमें से 72 लाख लोग पर्यटक के रूप में विदेश गए। 21 लाख भारतीय रोजगार के लिए गए, जबकि अन्य लोग चिकित्सा उपचार आदि के लिये विदेश गए।

    2022 में भारत में 1731 मिलियन घरेलू पर्यटक थे, और लगभग 6.19 मिलियन विदेशी पर्यटक थे। ये संख्या लगातार बढ़ रही है।

    भारतीय संस्कृति, खानपान, नृत्य, संगीत, योग और आयुर्वेद में भारत के प्रति दुनिया की दिलचस्पी पहले से ही बढ़ी है। मुझे यकीन है कि आने वाले वर्षों में देश के विभिन्न हिस्सों में पर्यटकों की भारी आमद होगी।

    महाराष्ट्र की बात करें तो हम निवेश और सहयोग के लिए सबसे आकर्षक राज्य हैं। महाराष्ट्र में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं हैं। राज्य में कई विश्व स्तरीय शैक्षणिक संस्थान हैं। राज्य में परिपक्व राजनीतिक नेतृत्व है जो व्यापार और उद्योगों को बढ़ावा देने का इच्छुक है।

    वर्ल्ड ट्रेड एक्सपो एक अनूठी पहल है, जो वाणिज्य दूतावासों, राज दूतावासों और राज्य सरकारों को अपने अपने देश में व्यापार और निवेश में अवसरों को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच प्रदान करता है।

    पर्यटन, मैन्युफैक्चरिंग, सेवा, शिक्षा और प्रौद्योगिकी सहयोग जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करते हुए, यह एक्सपो राष्ट्रों के बीच एक मित्रता का पुल बनाता है, सहयोग और पारस्परिक विकास को बढ़ावा देता है।

    आर्थिक समृद्धि की खोज में, MSME, स्टार्टअप और कॉरपोरेट घराने हमारी अर्थव्यवस्था के इंजन है।

    जी-20 के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में, वैश्विक आर्थिक परिदृश्य को आकार देने में भारत की अद्वितीय भूमिका है।

    हम सभी देशों के लिए समावेशिता, स्थिरता और विकास को बढ़ावा देने के पक्षधर हैं।

    देवियो और सज्जनों

    आर्थिक प्रगति और विकास के लिए शांति पूर्व शर्त है। भारत अनेक दशकों से आतंकवाद का शिकार रहा है। लेकिन भारत ने कभी भी किसी भी रूप में आतंकवाद का समर्थन नहीं किया है।

    समय आ गया है कि दुनिया शांति के लिए हाथ मिलाएं और आतंकवाद को परास्त करें तथा आतंकवाद के प्रायोजकों को बेनकाब करें।

    विश्व व्यापार एक्सपो सिर्फ दो दिन का कार्यक्रम नहीं होना चाहिये है। यह एक उज्जवल, परस्पर जुड़े भविष्य का वादा है।

    मैं आपमें से प्रत्येक को इस एक्सपो का अधिकतम लाभ उठाने, साझेदारी बनाने, बढाने, नए क्षितिज तलाशने और सहयोग और प्रगति के लिये मिल-जुलकर काम करने के लिए आह्वान करता हूं।

    फिर एक बार, मैं वर्ल्ड ट्रेड सेंटर और A I A I को बधाई देता हूं और ‘वर्ल्ड ट्रेड एक्सपो’ की शानदार सफलता की कामना करता हूं।

    धन्यवाद।
    जय हिंद। जय महाराष्ट्र।।