Close

    05.01.2024 : संदीप विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित प्रथम दीक्षांत समारोह

    Publish Date: January 5, 2024

    संदीप विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित प्रथम दीक्षांत समारोह 5 जनवरी 2024 को सुबह १२ बजे। स्थल : नाशिक

    डॉ. संदीप झा, सभाध्यक्ष, संदीप विश्वविद्यालय

    श्री प्रभात झा, पूर्व सांसद

    पंडित नित्यानंद झा, अध्यक्ष, संदीप विश्वविद्यालय

    डॉ. राजेन्द्र सिन्हा, कुलपति, संदीप विश्वविद्यालय

    श्री आलोक झा

    श्री आर्यन झा

    संदीप विश्वविद्यालय के डीन और विभाग प्रमुख,

    संकाय सदस्य, अध्यापक गण एवं कर्मचारी गण,

    स्नातक छात्र, अभिभावक और उपस्थित गणमान्य अतिथी

    संदीप विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में आप सभी का हार्दिक अभिनंदन करते हुए, मैं अत्यंत हर्ष का अनुभव कर रहा हूँ। इस अवसर पर आप सभी को बधाई देता हूं और स्वर्ण पदक विजेता छात्रों का विशेष अभिनंदन करता हूं।

    जब मुझे इस कार्यक्रम का निमंत्रण मिला, तो मैंने इसका सहर्ष स्वीकार किया। इसका महत्त्वपूर्ण कारण यह है की, मुझे आप जैसें प्रतिभाशाली युवाओं से बातचीत करने का मौका मिलता है।
    मेरे प्रिय छात्रों,

    मैं आपको अपने अध्ययन से संबंधित क्षेत्र में इतने शानदार प्रदर्शन के साथ-साथ, स्नातक होने पर बहुत-बहुत बधाई देता हूँ।

    आप वो युवा हो, जो निकट भविष्य में भारत का नेतृत्व करने वाले हो। इसे आरंभ करने हेतु आज का दिन, आप के जीवन में एक महत्त्व रखता है। यह विश्वविद्यालय कल के नीति – निर्माताओं को आकार दे रहा है। इसलिए विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी स्वाभाविक रूप से बढ़ गई है।

    देश के प्रधान मंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्ष 2047 तक भारत देश को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प किया है। आप की पीढ़ी भारत देश के स्वर्ण युग की शुरुआत करने में अहम भूमिका निभाएगी।

    आप सभी जानते हैं कि, देश को विविध क्षेत्रों में प्रगति के लिए नई प्रतिभाओं की आवश्यकता है। आप भारत देश का भविष्य हो। आपकी कड़ी मेहनत और पढ़ाई के प्रति लगन ने, आपको आज इस मुकाम तक पहुँचाया है। इसका श्रेय आपके साथ आपके प्रोफेसरों और माता-पिता को जाता है।

    अब, आप अपनी करियर के महत्वपूर्ण कगार पर हैं। प्रत्येक दिन नई चुनौतियाँ और नए सबक लेकर आएगा। आपको इन चुनौतियों को एक अवसर के रूप में स्वीकार करना होगा।

    समय आपका सबसे अच्छा दोस्त है। अपने समय का कुशलतापूर्वक उपयोग करें, जिससे आपको अपने जीवन के हर क्षेत्र में सफलता मिलेगी। अपने ज्ञान का विस्तार करने, प्राप्य लक्ष्य निर्धारित करने, अपने कौशल को उन्नत करने और अपने लिए खुले अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने में समय व्यतीत करें।

    प्रिय छात्रों,

    जब आप अपने लक्ष्य निर्धारित कर रहे हों, तो असफल होने से न डरें। जैसा कि आप जानते हैं असफलता जीवन का सिर्फ एक हिस्सा है, जीवन का अंत नहीं।

    जब आप दुनिया में सफल लोगों की यात्रा को देखेंगे, तो आपको समझ आएगी कि कैसे असफलता भी उनके जीवन का हिस्सा रही है। हालाँकि, इन्हीं असफलताओं को चुनौती के रूप में स्वीकार कर, उन्होंने अपनी शर्तों पर सफलता प्राप्त की है।

    छात्रों, आपकी क्षमता, कौशल और ज्ञान जो कि आपके जीवन का अहम् हिस्सा हैं, इसे किसी भी हाल में बनाये रखना होगा। स्वस्थ जीवन के लिए अपने करियर के साथ मानसिक स्वास्थ्य का ख्याल रखना होगा, जो कि बहुत ही महत्वपूर्ण है।

    हमारी नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 देश की परंपरा और सांस्कृतिक मूल्यों के आधार पर बनाई गई है। इस शिक्षा नीति ने आकांक्षात्मक लक्ष्यों के संयोजन में छात्रों के हितों का ध्यान रखते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार और पुनर्गठन किया है।

    यह राष्ट्रीय शिक्षा नीति प्रत्येक व्यक्ति में निहित रचनात्मक क्षमताओं के विकास पर विशेष जोर देती है। शिक्षा से न केवल साक्षरता बढ़ेगी बल्कि तार्किक और समस्या समाधान संबंधी संज्ञानात्मक क्षमताओं का भी विकास होगा। नैतिक, सामाजिक और भावनात्मक स्तर पर भी व्यक्ति का विकास होगा।

    देवीयों और सज्जनों

    प्राचीन और सनातन भारतीय ज्ञान और विचार की समृद्ध परंपरा के आलोक में नई शिक्षा नीति तैयार की गयी है। ज्ञान, प्रज्ञा और सत्य की खोज को भारतीय विचार परंपरा और दर्शन में सदा सर्वोच्च मानवीय लक्ष्य माना जाता था। अब हमें सब को मिलकर अपनी पूर्व गरिमा को प्राप्त करना है। इस कार्य के लिये मैं आप सभी को, हार्दिक शुभकामनाएं देता हूँ।

    अंत में, मैं यही कहूंगा कि, अपने आप को बेहतर बनाते रहें ताकि आपको सफलता की तलाश न करनी पड़े, बल्कि सफलता आपको ढूंढते हुए आपका आलिंगन करें।

    आपको संदीप विश्वविद्यालय जैसे प्रीमियम विश्वविद्यालय से अध्ययन करने का सौभाग्य मिला है।

    मुझे यकीन है कि संदीप विश्वविद्यालय में आपका अनुभव आपको एक शानदार भविष्य बनाने में मदद करेगा। इसके साथ आप सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएँ देता हूँ।

    धन्यवाद।
    जय हिंद। जय महाराष्ट्र।।